राष्ट्रीय एकता यात्रा पर आए कोहिमा (नागालैंड) के छात्र-छात्राओं ने आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह से भेंट की। ऑपरेशन सद्भावना परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता यात्रा में कोहिमा क्षेत्र के चार शिक्षकों के साथ 20 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। 13वीं बटालियन असम राइफल्स के सौजन्य से आए ये छात्र-छात्राएं देहरादून स्थित विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर रहे हैं। बच्चों की इस यात्रा का उद्देश्य विभिन्न स्थानों की संस्कृति, विकास, तकनीकी और आर्थिक प्रगति का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ करियर के अवसरों को अर्जित करने के लिए निकट से जानने का अवसर दिया जा रहा है।
राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं से वार्तालाप की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कहा कि शैक्षिक यात्रा उन्हें कई चीजें सीखने को मिलेंगी जो आगे उनके भविष्य में काम आएंगी। राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रेरित किया और राष्ट्र निर्माण में बढ़-चढ़कर योगदान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शैक्षिक यात्रा बेहतर नौकरियां और करियर हासिल करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।