29 मई देहरादून : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित प्रदेश के सांसदों और विधायकों की बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विधानसभा स्तर पर कार्ययोजना बनाकर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
भट्ट ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 बुद्धिजीवियों, प्रभावशाली व्यक्तियों और विशिष्ट नागरिकों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पार्टी के समर्थन आधार का विस्तार हो सके।
उन्होंने कहा कि सांसदों और विधायकों से सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने को भी कहा गया है।
प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों को विशेष रूप से उन विधानसभा क्षेत्रों की अतिरिक्त जिम्मेदारी देने की बात कही, जहां पिछले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था या जीत का अंतर बहुत कम रहा था।
उन्होंने बताया कि नवीन के निर्देश पर चुनाव में हारी हुई सीटों पर चर्चा और प्रवास के लिए लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
भट्ट ने कहा कि भाजपा की बूथ आधारित चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में विधायकों से मंडल संगठनों के सहयोग से बूथ टोलियों के गठन और उन्हें सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए सुझाव देने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि नवीन ने यह भी सुझाव दिया कि वर्तमान राज्य सरकार के पांच वर्षों तथा कुल मिलाकर पिछले 10 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए विधायक पैम्फलेट या छोटी पुस्तिका प्रकाशित कर सकते हैं, जिसमें अपने कार्यों का भी उल्लेख किया जा सकता है।
भट्ट ने कहा कि बैठक में सांसदों और विधायकों ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनके आधार पर संगठन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगा।
वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज कर चुकी भाजपा अब राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में जुटी है।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
इससे पहले, अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन सुबह नितिन नवीन ने हाल में दिवंगत वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। खंडूरी का 19 मई को लंबी बीमारी के बाद 91 वर्ष की आयु में देहरादून में निधन हो गया था।
इस दौरान बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे। ‘जनरल साहब’ के नाम से लोकप्रिय खंडूरी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद नवीन ने उनकी पत्नी अरुणा खंडूरी, पुत्र मनीष खंडूरी और पुत्री एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री धामी के आवास पर जाकर उनके परिवारजनों से भी मुलाकात की।
भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड दौरे पर आए नवीन की इस यात्रा को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।