*मुक्तेश्वर।* उत्तराखंड की वादियों में अब साइकिल के पैडल के साथ साहस और रोमांच का नया सफर शुरू हो गया है। साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से *अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026* का आगाज हो गया है।
नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू हुई इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिल रेस को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब *658 किलोमीटर* लंबी यह रोमांचक साइकिल यात्रा प्रदेश के *10 जनपदों* से होकर गुजरेगी।
*66 राइडर्स ले रहे हैं हिस्सा -*
पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 18 राज्यों के साथ-साथ भारतीय सेना, वायुसेना और ITBP के कुल 66 प्रतिभागी रेस में हिस्सा ले रहे हैं।
*पहले दिन कौन रहा आगे? -*
प्रतियोगिता के पहले दिन मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़ तक लगभग 133 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा में –
– *प्रथम -* सेवांग नोरबू (लद्दाख)
– *द्वितीय -* शिवेन (हरियाणा)
– *तृतीय -* खुशिमान घरती (हिमाचल प्रदेश)
ऐंचोली में साइकिल रेस के प्रतिभागियों का स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
*26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन -*
20 नवंबर से शुरू हुआ यह सफर 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगा। अंतिम चरण 26 नवंबर को चिन्यालीसौड़ से मसूरी तक 75 किलोमीटर का होगा।
*सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं -*
शुभारंभ से एक दिन पहले मुक्तेश्वर के सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित गाला डिनर कार्यक्रम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक साइकिलिंग प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की पहचान और यहां की खूबियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम है। इससे लोकल फॉर वोकल को भी बढ़ावा मिलेगा।
*7 साल बाद लौटी रेस -*
ये इस चैलेंज का 5वां संस्करण है, जो 7 साल के अंतराल के बाद लौटा है। इसका आखिरी संस्करण 2019 में हुआ था, जबकि शुरुआत 2015 में हुई थी।