*विकासनगर।* प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर विकासनगर में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ हल्लाबोल करते हुए हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान बाजार में बड़ा बैनर लगाया गया, जिस पर लोगों ने हस्ताक्षर कर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
*संजय किशोर ने खोला मोर्चा -*
अभियान का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने किया। उन्होंने कहा कि धामी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। जमीन, खनन, शराब और भर्ती घोटालों से प्रदेश की जनता त्रस्त है। महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री रेखा आर्य पर 200 करोड़ से अधिक की संपत्ति के आरोप हैं, फिर भी सरकार जांच नहीं करा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्य और डॉ. धन सिंह रावत पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
*23 नवंबर को राजभवन घेराव -*
संजय किशोर ने बताया कि ये अभियान 10 से 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में चल रहा है। कालसी और चकराता ब्लॉक से इसकी शुरुआत हुई है। 20 नवंबर तक सभी हस्ताक्षरयुक्त बैनर-पम्पलेट प्रदेश मुख्यालय देहरादून भेजे जाएंगे।
23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी और हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राज्यपाल को सौंपकर जांच की मांग की जाएगी। इसके बाद 25 से 30 नवंबर तक सांकेतिक अदालतें और नुक्कड़ नाटकों के जरिए विरोध होगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।