देहरादून, 20 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग पहुंचे, जहां उन्होंने आराध्य देव शिलगुर विजट महाराज के दर्शन कर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक एवं भव्य क्रीड़ा प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
मंत्री सतपाल महाराज ने टौंस वैली युवा विकास समिति, ग्राम कोटी, खत-विशायल की ओर से आयोजित दशहरा समारोह में भी शिरकत की। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद उन्होंने जमुना कृष्णधाम, हरिपुर कालसी पहुंचकर मां यमुना की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
जौनसार-बावर की संस्कृति का दिखा अनूठा संगम
विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष विजयादशमी का विशेष महत्व है। सिरमौर और शिमला जिलों की सीमा पर स्थित सराहण एवं चूड़धार से आराध्य देव शिरगुल महाराज का विजयादशमी के अवसर पर जौनसार-बावर के सिमोग पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का विषय है।
उन्होंने कहा कि शिलगुर विजट महाराज के दर्शन के लिए उत्तराखंड के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और अन्य पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को भी प्रदर्शित करता है।
समारोह के दौरान जौनसारी संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकनृत्य करते नजर आए। पारंपरिक संगीत, लोकनृत्य और खेल प्रतियोगिताओं ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर भीम सिंह चौहान, जबर सिंह नेगी, डॉ. श्याम कुंवर, शांति चौहान, अमित नेगी, गीता राम शर्मा, संत राम चौहान, सूरत सिंह चौहान, केशर सिंह चौहान, बीर सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
निशीथ सकलानी
मीडिया सलाहकार
श्री सतपाल महाराज, माननीय कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड सरकार