*मास्को।* रूस में तीन दिवसीय संसदीय चुनाव के आखिरी दिन राजधानी मास्को में अफरा-तफरी मच गई। मास्को स्थित एक प्रमुख ऑयल रिफाइनरी पर ड्रोन हमला हुआ, जिसके बाद इलाके में धुएं का काला गुबार छा गया।
मास्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के मुताबिक हमले के बाद रिफाइनरी में भीषण आग लग गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दूर तक आग की लपटें और धमाकों की आवाज सुनी गई। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रूसी अधिकारियों ने सीधे तौर पर यूक्रेन को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है। वहीं यूक्रेन ने आधिकारिक तौर पर जिम्मेदारी नहीं ली है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब राष्ट्रपति पुतिन के लिए यह चुनाव यूक्रेन युद्ध पर जनसमर्थन की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद यह रूस का पहला संसदीय चुनाव है। क्रेमलिन इसे अपनी नीतियों पर जनता की मुहर के तौर पर पेश कर रहा है, जबकि सत्ताधारी यूनाइटेड रशिया पार्टी की जीत तय मानी जा रही है।
*चुनाव में खलल की साजिश का आरोप*
रूस ने इसे चुनाव में खलल डालने की साजिश बताया है। राष्ट्रपति पुतिन ने इससे पहले जापोरिज्जिया में चुनाव अधिकारी एलेना अस्तानिना की हत्या का भी जिक्र किया था। रूसी अधिकारियों ने शनिवार को ऑनलाइन वोटिंग सिस्टम पर हुए साइबर हमले का भी दावा किया था। वहीं कीव ने रूसी चुनावों को फर्जी और दिखावटी बताया है।