*मुंबई/पटना।* सुशांत सिंह राजपूत और उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद CBI ने दिशा सालियान की मौत मामले में 13 सितंबर को FIR दर्ज की है, हालांकि FIR में किसी को नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है।
FIR में BNS के तहत आपराधिक साजिश, सामूहिक दुष्कर्म, हत्या, सबूत मिटाने और लोक सेवकों द्वारा गलत रिकॉर्ड तैयार करने की धाराएं लगाई गई हैं।
*भाजपा नेता नीरज सिंह बबलू का बड़ा दावा*
इस मामले पर बिहार भाजपा नेता और पूर्व मंत्री नीरज सिंह बबलू ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की हत्या हुई थी और दिशा सालियान की मौत उसी से जुड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय उद्धव ठाकरे सरकार ने मामले को दबा दिया और सबूतों को नष्ट किया गया।
बबलू ने कहा, “अगर दिशा का केस तभी सुलझ जाता तो सुशांत के हत्यारे तभी पकड़े जाते। महाराष्ट्र में सरकार बदलने के बाद दिशा के पिता को सुरक्षा का भरोसा मिला और उन्होंने कोर्ट का रुख किया।”
उन्होंने कहा कि दिशा केस के खुलने से सुशांत की मौत का सच भी सामने आएगा।
गौरतलब है कि दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हुई थी, और ठीक 6 दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने फ्लैट में मृत मिले थे।