उत्तर भारत का सबसे बड़ा मैरीटाइम कॉन्फ्रेंस लेखक गांव में, 7 देशों की भागीदारी

लेखक गांव स्थित अटल प्रेक्षागृह में “आरओहण 2.0 – इंटरनेशनल मैरीटाइम कॉन्फ्रेंस, अवॉर्ड्स एवं फेलिसिटेशन 2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। 20 से 21 मार्च तक आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश से समुद्री उद्योग के शीर्ष सीईओ, प्रबंध निदेशक, विशेषज्ञ एवं युवा प्रतिभाएं उत्साहपूर्वक सहभागी बनीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं लेखक गांव के संरक्षक डॉ रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात इंटीग्रेटेड मैरीटाइम एक्सचेंज (IME) के सह-संस्थापक कैप्टन कुनाल नारायण उनियाल ने उद्घाटन संबोधन में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि देहरादून में इस स्तर का वैश्विक मंच स्थापित होना एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन युवाओं, उद्योग और आधुनिक तकनीक के बीच सशक्त सेतु का कार्य करेगा।
डॉ. ‘निशंक’ ने अपने संबोधन में कहा कि देहरादून में इस प्रकार का अंतरराष्ट्रीय आयोजन पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वभर से आए विशेषज्ञों की उपस्थिति युवाओं को नई दिशा देगी और उन्हें वैश्विक स्तर पर सोचने एवं आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
सम्मेलन के प्रथम दिन समुद्री उद्योग से जुड़े समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से मिडिल ईस्ट संकट और उसके वैश्विक शिपिंग पर प्रभाव विषय पर गहन मंथन किया गया, जिसमें ऊर्जा आपूर्ति, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों तथा फ्रेट मार्केट पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर उद्योग जगत की कई अग्रणी हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें
कैप्टन अभिषेक असीजा (ग्लोबल सीईओ, GMOS World), श्री विनय गुप्ता (सीईओ, Gemini Software Solutions), श्री रवि शंकर (एमडी, Aarush Maritime Services एवं सह-संस्थापक, Shipfinex), श्री मुनीश मेडिरत्ता (एमडी, BainBridge Navigation), तथा कैप्टन सौनक राय (जीएम, FueLNG – Shell–Seatrium JV) प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी विशेषज्ञों ने अपने अनुभव, दृष्टिकोण और उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
दिनभर आयोजित विभिन्न पैनल सत्रों में मैरीटाइम करियर, सीफेयरर वेलबीइंग, फ्रेट मार्केट, जियोपॉलिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, हरित ऊर्जा तथा स्टार्टअप इनोवेशन जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
सम्मेलन के अंत में उत्तराखंड सरकार के सचिव श्री दीपक कुमार की उपस्थिति में समापन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें दिनभर की प्रमुख उपलब्धियों और निष्कर्षों को साझा किया गया।
शाम को आयोजित “देवभूमि समुंद्र रत्न सम्मान” समारोह में समुद्री क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जिसके पश्चात नेटवर्किंग डिनर का आयोजन होगा।
इस सफल आयोजन में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नेहा, गीतांजलि, समीक्षा, सृष्टि, विनय, सेजल और राहुल सहित पूरी टीम ने सराहनीय योगदान देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
“आरओहण 2.0” देहरादून को वैश्विक मैरीटाइम मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक पहल के रूप में उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *