“देहरादून में दिनदहाड़े 23 वर्षीय युवती की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार”

2 फरवरी 2026  देहरादून -: राजधानी देहरादून के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मच्छी बाजार इलाके में 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से गर्दन काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। इलाके की दुकानें बंद कर दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गुन्नू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती घर से बाहर कहीं जा रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर तेज वार कर दिया। हमला इतना घातक था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने युवती पर चापड़ से हमला किया था। युवती का गला इतनी बुरी तरह कट गया कि वो नीचे गिर गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम मौजूद है। पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी की सरगर्मी से तलाश करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के विरोध में इलाके के बाजार की सभी दुकानें बंद हो गई हैं।

पुलिस ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मच्छी बाजार के अंदर दूल्हा मार्केट के पास गली में एक युवक द्वारा एक युवती को धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया। उसको उपचार हेतु तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा युवती को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त घटना को अंजाम देने वाले युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार हत्या आरोपी का नाम आकाश कुमार है। इसकी उम्र 27 साल है। वो कोमल राम का बेटा है। इसका घर 46 मन्नूगंज खुडबुड़ा मोहल्ला कोतवाली नगर देहरादून में है। घटना की सूचना मिलते ही मच्छी बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जबकि परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तत्काल इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।शहर में इस सनसनीखेज वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *