भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच की व्यक्तिगत मित्रता दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात के बाद गोर ने बताया कि ट्रंप भारत के साथ संबंधों को बहुत महत्व देते हैं। एक प्रतिष्ठित मैगजीन को दिए साक्षात्कार में उन्होंने अपना विजन साझा करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भारत-अमेरिका संबंधों को “21वीं सदी की निर्णायक रणनीतिक साझेदारी” में बदलना है।
*AI और अन्य क्षेत्रों में सहयोग*
गोर ने भारत-अमेरिका AI साझेदारी को “असीमित क्षमता” वाला बताया और तकनीकी प्रबंधन के लिए द्विपक्षीय दृष्टिकोण पर जोर दिया। उनके अनुसार, इस साझेदारी का उद्देश्य रक्षा, ऊर्जा, विमानन, उन्नत विनिर्माण और डिजिटल बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाकर दोनों देशों को ठोस लाभ देना है। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिजों) और लचीली सप्लाई चेन बनाने में भी दोनों देशों के बीच अपार संभावनाएं हैं।
गोर ने कहा कि नेतृत्व स्तर की निकटता एक ऐसे भविष्य की नींव रख रही है, जहां भारत और अमेरिका मिलकर वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोज सकेंगे।