अखिलेश यादव व मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव ने चौधरी चरण सिंह को 120वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी !!!

इटावा जिले में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर हैवरा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी के आगे गुजरात मॉडल भी फेल हो गया है। अब चाचा साथ आ गए हैं। अब हम लोग 2024 और 2027 भी जीतेंगे।

कार्यकर्ताओं की आभार सभा में सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा के लोग न जाने क्या-क्या सपने देखते थे।

वे कहते थे कि आजमगढ़ हरा दिया है, अब मैनपुरी को भी हरा देंगे। हमारे मुख्यमंत्री बगल में करहल गए थे। वो तो अच्छा हुआ जसवंतनगर नहीं आए। क्योंकि हमारे मुख्यमंत्री यह जानते नहीं कि जसवंतनगर और मैनपुरी के लोग स्प्रिंग की तरह हैं, जितना दबाओगे उतना उछलेंगे।

मैनपुरी उपचुनाव में सभी विधानसभाओं में जीत मिली। भोगांव में उम्मीद नहीं थी, लेकिन भोगांव के लोगों ने कमाल करके दिखा दिया। किशनी में सोचता था, यहां बराबर होंगे, लेकिन किशनी भी आगे चली गई। मैनपुरी सदर सोच रहे थे नहीं जीतेंगे, लेकिन वहां पर भी जीते।

मुझे पता था कि जसवंतनगर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ सकता है। यह जीत कोई छोटी जीत नहीं है। जो लोग राजनीति को समझते हैं, वह जानते हैं कि मैनपुरी की जीत ने नई ऊर्जा समाजवादियों को दी है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई कराएंगे। साथ ही 2027 भी जीतेंगे।

अखिलेश यादव ने इससे पहले चौधरी चरण सिंह की 120वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। कहा कि चौधरी साहब ने जो रास्ता दिखाया है, उसी पर चलने से किसानों और गरीबों की भलाई है। चौधरी साहब ने एक बार कहा था किसान को अपनी एक नजर हल पर और दूसरी लोकसभा पर रखनी चाहिए।

हमें देखना चाहिए कि संसद किसानों के लिए फैसले ले रही है या नहीं। अखिलेश ने कहा कि महिलाओं ने इस बार इतिहास रचा है। अभी तक कोई महिला मैनपुरी से सांसद नहीं बनी थी। ये रिकॉर्ड मैनपुरी में दर्ज हुआ है। हम क्षेत्र के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

अखिलेश ने कहा कि सरकार का उत्पीड़न बढ़ता जा रहा है। हम अपने एक विधायक से मिलने कानपुर गए तो उन्हें महराजगंज पहुंचा दिया। सरकार अगर जेल बदलेगी तो हम तो वहां भी अपने नेता और कार्यकर्ताओं से मिलने जाएंगे। यह अन्याय बहुत दिन चलने वाला नहीं है।

वे जानते हैं कि जिस दिन समाजवादियों ने ऐलान कर दिया, उसी दिन उनका अन्याय खत्म हो जाएगा। हम लोग भी इंतजार कर रहे हैं जैसे ही हमारी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता बैठेंगे और तारीख तय करेंगे, उसी दिन हम लोग जिस तरह से नेताजी जेल भरो आंदोलन करते थे, उसी तरह से हम लोग भी करेंगे।

इस मौके पर मैनपुरी सांसद एवं अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी। कहा कि चौधरी चरण सिंह एक किसान नेता थे। उत्तर प्रदेश में भूमि सुधार का जितना काम हुआ उसका श्रेय चौधरी साहब को जाता है। इन्होंने लोगों को जोड़ने और किसानों के जीवन को सुधारने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *