*देहरादून: DLSA 8-14 जून तक चलाएगा ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ और ‘सम्मान से पहचान’ अभियान, विधिक जागरूकता पर जोर*

 

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा दिनांक 08 जून से 14 जून 2026 तक जनजागरूकता के उद्देश्य से दो विशेष अभियान—“सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” एवं “सम्मान से पहचान (Identity with Dignity)”—संचालित किए जा रहे हैं।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून ने जानकारी देते हुए बताया कि “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के प्रति आमजन को जागरूक करना है। अभियान के दौरान गोल्डन ऑवर के महत्व, गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) कानून, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों, कैशलेस उपचार योजना तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी जनसामान्य को प्रदान की जाएगी। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

साथ ही, “सम्मान से पहचान (Identity with Dignity)” अभियान के माध्यम से ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों, सम्मान एवं सामाजिक समावेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 एवं नियमावली, 2020 के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है तथा समाज में समानता, गरिमा एवं भेदभाव-मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इन दोनों अभियानों के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के पराविधिक स्वयंसेवकों, पैनल अधिवक्ताओं एवं अन्य हितधारकों द्वारा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक विधिक जानकारी एवं अधिकारों से संबंधित संदेश पहुँचाया जा सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा आमजन से इन अभियानों में सक्रिय सहभागिता करने तथा सुरक्षित, समावेशी एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है। निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श हेतु नागरिक नालसा हेल्पलाइन संख्या 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *