*देहरादून।* राजधानी में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। धारदार हथियार से गला रेतकर युवती की हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर भी कई वार किए गए। बुधवार को जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर में सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन से ढका युवती का शव मिला।
*कूड़ा फेंकने गए व्यक्ति को दिखा शव -*
एक व्यक्ति बुधवार को जंगल में कूड़ा फेंकने गया था। इसी दौरान उसकी नजर कूड़े के ढेर में पड़े शव पर पड़ी। शव सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन के थैलों से ढका था। उसने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। प्रधान ने प्रेमनगर पुलिस को जानकारी दी।
एसपी सिटी शेखर सुयाल, एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कट्टे और पॉलिथिन हटा तो उनके नीचे युवती का शव मिला। युवती ने पीले रंग का सूट पहना था।
*दूसरी जगह हत्या कर शव फेंकने की आशंका -*
मौके पर खून के निशान नहीं मिलने से पुलिस ने दूसरी जगह हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई है। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। एसओ गिरीश नेगी ने बताया कि युवती की पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या मंगलवार रात किए जाने की आशंका है।
*टैटू से खुलेगा राज! -*
युवती के शव की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी है। पुलिस उसके हाथ पर बने टैटू के आधार पर शिनाख्त में जुटी है।