देहरादून।* माननीय श्री प्रताप पंवार, राज्यमंत्री, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा आज जिला चिकित्सालय कोरोनेशन, देहरादून का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान माननीय मंत्री जी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों द्वारा अवगत कराया गया कि उन्हें समय पर आवश्यक औषधि एवं इंजेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाई नहीं लिखी जा रही है। मरीजों ने चिकित्सालय प्रशासन, चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों के कार्यों की सराहना की।
माननीय मंत्री जी द्वारा चिकित्सालय के विभिन्न अनुभागों – मेडिसिन वार्ड, बर्न वार्ड, सर्जिकल वार्ड, पैथोलॉजी सहित कई महत्वपूर्ण अनुभागों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई एवं समस्त कार्मिक निर्धारित वेशभूषा में अपने कक्षों में उपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान माननीय मंत्री जी के साथ प्रमुख अधीक्षक डॉ. यतेन्द्र सिंह, पीआरओ श्री प्रमोद पंवार, सहायक नर्सिंग अधीक्षिका श्रीमती सुशीला पंवार एवं श्रीमती ज्योति खन्ना व अन्य चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।
माननीय मंत्री जी द्वारा चिकित्सालय में सुव्यवस्थित प्रबंधन, स्वच्छता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं हेतु प्रमुख अधीक्षक एवं उनकी पूरी टीम को धन्यवाद दिया गया।