धूप से तपे पहाड़ चारों धामों में पारा चढ़ा, बढ़ते तपामान ने किया परेशान, जानें मौसम पूर्वानुमान

उत्तराखंड में जारी सूरज की तपिश ने पहाड़ पर भी असर दिखाना शुरू कर दिया है। ज्यादातर पहाड़ी नगरों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री तक ऊपर पहुंच गया। हमेशा सर्द रहने वाले चारों धामों तक में पारा 24 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 10 और 11 जून को उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। जबकि, मैदानी क्षेत्र और पहाड़ की घाटियों में हीट वेव का असर बना रहेगा।

चारधाम में पारा 24 तक पहुंचा: हमेशा सर्द रहने वाले चारधाम में पिछले एक हफ्ते से तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को गंगोत्री में तापमान 24 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि, बदरीनाथ में 20, केदारनाथ में 19 और यमुनोत्री में 21 डिग्री तक तापमान पहुंच जाने से स्थानीय लोग और श्रद्धालु हैरत में पड़ गए। औली का तापमान भी मंगलवार को 21 डिग्री पहुंच गया।

चारोंधामों का तापमान हालांकि, मौसम विभाग रिकार्ड नहीं करता। लेकिन धामों में मौजूद अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मोबाइल फोन के आधार पर यह जानकारी दी है। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि पिछले दो तीन दिन, विशेष तौर पर मंगलवार को बदरीनाथ में तापमान में जो बढ़ोतरी हुई है, पिछले कई वर्षों में ऐसा नहीं हुआ।

बदरीनाथ के स्थानीय निवासी जमुना प्रसाद और विनोद डिमरी ने बताया कि पिछले सालों में यहां ऐसी गर्मी नहीं देखी। उधर, बद्री केदार मंदिर समिति के प्रशासनिक अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण ने बताया केदारनाथ में इन दिनों इधर-उधर बर्फ रहती रही थी। इससे गर्मी का अहसास नहीं होता था। इस बार बर्फ नहीं होने के कारण भी गर्मी अधिक महसूस हो रही है। उधर, गंगोत्री मंदिर समिति के पूर्व उपाध्यक्ष और यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर काफी गर्मी रही।

अधिकतम-न्यूनतम तापमान में बड़ा अंतर 
केदारनाथ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम दो डिग्री रहा। इस तरह धाम में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 17 डिग्री का अंतर है।

मसूरी और मुक्तेश्वर में सामान्य से अधिक पारा
शहर    तापमान    सामान्य से अधिक

देहरादून    40.2     5
पंतनगर    39.6     3
मुक्तेश्वर 30.2        6
मसूरी    27.2        3
रुड़की    39.5       1शहर    तापमान    
श्रीनगर    40.7
उत्तरकाशी    38.3
रुद्रप्रयाग    38.7
अल्मोड़ा    35.7
चंपावत    29.7
लैंसडौन    30.5
टिहरी    29.2
पिथौरागढ़    33.1 (7 जून का अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में) 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *