मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सहारनपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान 145 करोड़ की 243 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने रविवार को सहारनपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान 145 करोड़ की 243 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने नगर विकास विभाग व औद्योगिक विकास पर लघु फिल्म देखी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, चेक व स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया। सीएम ने सहारनपुर से भाजपा के 5 विधायक जिताने पर लोगों को साधुवाद दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं है, लेकिन विकास के लिए सुरक्षा और सुरक्षा के लिए अच्छी सरकार आवश्यक है। आपने 2017 में पीएम मोदी के आह्वान पर यूपी में भाजपा सरकार और इनके प्रतिनिधियों को चुना। इसका परिणाम आपके सामने है। जिस प्रदेश से पलायन होता था, गुंडागर्दी चरम पर थी। हर दूसरे दिन 3 बड़े-बड़े दंगे होते थे, वह प्रदेश दंगामुक्त हो चुका है। आज यहां पलायन नहीं हो रहा, बल्कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए यह निवेश के लिए दुनिया को आकर्षित कर रहा है।

योगी ने कहा कि सहारनपुर यूपी का सीमांत जनपद है। एक तरफ उत्तराखंड, दूसरी तरफ हरियाणा की सीमा है। यहां मां गंगा व यमुना का आशीर्वाद बना है। किसान ऊर्जा के साथ खेतों में ऊपज को सोने में उगलता है। हस्तशिल्पी काष्ठकला को वैश्विक पहचान दे रहा है। सहारनपुर में अनंत संभावनाएं हैं, जिसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इस निमित्त यहां के प्रबुद्धजनों से संवाद बनाने यहां आया हूं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले मां शाकुंभरी के नाम पर विश्विद्यालय का शिलान्यास किया था। आज उसका भव्य भवन बन रहा है। यहां अगले वर्ष तक नौजवानों के लिए अपने जनपद में विश्वविद्यालय होगा। सहारनपुर में सरसांवा एयरपोर्ट पर लैंड अधिगृहित करके दी। कार्य प्रारंभ हो चुका है। सहारनपुर भी जल्द ही देश-दुनिया की एयर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा। सड़क कनेक्टिविटी अब बहुत अच्छी हो गई है। 2017 से पहले मुजफ्फरनगर से सहारनपुर आने में 2 घंटे लगते थे। सहारनपुर से शामली व देहरादून मार्ग की दुर्गति थी। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर 753 करोड़ रुपये खर्च किए। अब यह दूरी 2 घंटे की बजाय 45 मिनट में तय होती हैं। 612 करोड़ रुपये से सहारनपुर-शामली मार्ग लगभग पूरा हो चुका है। सहारनपुर से देहरादून मार्ग लगभग 1200 करोड़ से देश के बेहतरीन मार्गों में बन रहा है। लगभग एक हजार करोड़ से यहां की सड़कों, ब्रिज का निर्माण हुआ। जल जीवन मिशन के साथ हर घर नल योजना को पीएम मोदी के विजन के अनुरूप साकार करने के लिए कार्य हो रहा है। तेजी से हर घर को शुद्ध पेयजल से जोड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *